कोलकाता, दिनांक: 14.09.2023 :
मंडल रेल प्रबंधक, श्री दीपक निगम की अध्यक्षता में सियालदह मंडल, पूर्व रेलवे ने दिनांक 14.09.2023 को हर्षोल्लास के साथ हिंदी दिवस मनाया। गौरतलब है कि हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में सियालदह मंडल, मंडल रेल प्रबंधक की अध्यक्षता में दिनांक 14.09.2023 से दिनांक 27.09.2023 तक हिंदी जागरुकता पखवाड़ा मना रहा है जिसका विधिवत शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक निगम महोदय द्वारा किया गया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक महोदय ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ ‘हिंदी संकल्प’ लिया तथा माननीय रेल, संचार एवं इलेक्ट्रॉनिक और प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव का हिंदी दिवस पर दिए गए संदेश को सभी रेलकर्मियों तक पहुँचाया। मंडल रेल प्रबंधक महोदय ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि आज ही के दिन 14 सितम्बर 1949 को हमारे संविधान निर्माताओं ने हिंदी भाषा को एक स्वर में राजभाषा के रूप में अंगीकार किया था। इसी की स्मृति में हम प्रत्येक वर्ष 14 सितम्बर को हिंदी दिवस मनाते आ रहे हैं। चूकि हिंदी सर्वाधिक देशवासियों द्वारा बोली, लिखी और समझी जाती है और हमारा रेल मंत्रालय केन्द्र सरकार का एक ऐसा महत्वपूर्ण मंत्रालय है जिससे करोड़ो देशवासियों का जीवन जुड़ा है। इसी नाते यह हमारा पुनित कर्तव्य है कि हम अधिक से अधिक काम राजभाषा हिंदी में करें ताकि भारत के आम नागरिक की आकांक्षा को पूरा किया जा सके। राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी के कथन को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि – ‘राष्ट्रभाषा के बिना राष्ट्र गूंगा है’।
तत्पश्चात अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) श्री राजेश कुमार ने महाप्रबंधक, पूर्व रेलवे श्री अमर प्रकाश द्विवेदी द्वारा हिंदी दिवस पर दिए गए संदेश का वाचन किया और इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक महोदय सहित अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन), मुख्य चिकित्सा अधीक्षक तथा सभी शाखा अधिकारियों और कर्मचारियों का अभिवादन किया। इस अवसर पर सियालदह मंडल की गृह पत्रिका ‘कारवां’ का लोकार्पण मंडल रेल प्रबंधक द्वारा किया गया जिसमें हिंदी के प्रचार-प्रसार के मद्देनजर अधिकारियों और कर्मचारियों के लेख समाहित है।
हिंदी दिवस के साथ ही मंडल रेल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की त्रैमासिक बैठक का भी आयोजन किया गया जिसमें सियालदह मंडल के हिंदी के प्रयोग-प्रसार से संबंधित त्रैमासिक कार्य की समीक्षा की गई। मंडल रेल प्रबंधक महोदय श्री दीपक निगम ने सियालदह मंडल के रेल क्षेत्र में राजभाषा के प्रचार-प्रसार के कार्यों की प्रशंसा की। बैठक के दौरान चिकित्सा विभाग/बी.आर. सिंह अस्पताल और राजभाषा विभाग के समन्वित प्रयास से ‘डेंगू’ विषय पर चिकित्सा जागरुकता संगोष्ठी भी आयोजित की गई जिसमें डॉ. नेहा स्वर्णकार, सहायक मंडल चिकित्सा अधिकारी ने ‘डेंगू’ विषय पर व्याख्यान दिया। इस समारोह का समापन सहायक कार्मिक अधिकारी एवं राजभाषा अधिकारी (प्रभारी) के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।